Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिसवा के गेरमा में नौ दिवसीय महायज्ञ शुरू:श्री रुद्र महायज्ञ का कलश...

सिसवा के गेरमा में नौ दिवसीय महायज्ञ शुरू:श्री रुद्र महायज्ञ का कलश यात्रा से हुआ शुभारंभ, बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु


सिसवा ब्लॉक के गेरमा स्थित श्री अष्टभुजा देवी दुर्गा माता मंदिर परिसर में बुधवार को नौ दिवसीय श्री 1008 श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन की शुरुआत भव्य कलश यात्रा के साथ की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कलश यात्रा नगर पालिका सिसवा के खेखड़ा स्थल से शुरू हुई। यहां कन्याओं ने पवित्र जल से कलश भरे। यज्ञाचार्य रामरक्षा दास जी महाराज और वैदिक विद्वान अनुराग दुबे, मंगेश तिवारी, हर्षित उपाध्याय सहित अन्य ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के बाद कलश यात्रा को विधिवत रवाना किया गया। यह यात्रा पूरे सिसवा नगर का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर परिसर पहुँची। यहाँ ज्योति प्रज्वलित कर यज्ञ का शुभारंभ किया गया। सैकड़ों कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए लगभग 10 किलोमीटर की यात्रा पूरी की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इस भव्य कलश यात्रा में घोड़े, हाथी और पारंपरिक गाजे-बाजे भी शामिल थे। नगर पालिका सिसवा और स्थानीय समाजसेवियों ने यात्रा मार्ग में जगह-जगह जलपान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कीं, ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। यज्ञाचार्य रामरक्षा दास जी महाराज ने बताया कि यह महायज्ञ 1 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान रामलीला का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह यज्ञ समाज में आध्यात्मिक जागरूकता, आपसी सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा के संचार का माध्यम है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से न केवल आस्था सुदृढ़ होती है, बल्कि समाज में एकता, सहयोग और संस्कारों का भी प्रसार होता है। यह आयोजन क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था और संस्कृति का प्रतीक बनकर उभरा है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी धर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर अविनाश श्रीवास्तव, मुरलीमनोहर पाण्डेय, ग्राम प्रधान राजेश यादव, परमानंद पाण्डेय, विक्की पाण्डेय, राज पाण्डेय, नरेंद्र पाण्डेय, अमन पाण्डेय, मोहन पाण्डेय, चंदन प्रजापति, सोनू कन्नौजिया, सुनील पाण्डेय, शिवम गौण, अनमोल पाण्डेय सहित समस्त ग्रामवासी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments