HomeHealth & Fitnessराजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, आज 25 जिलों में तेज बारिश...

राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून, आज 25 जिलों में तेज बारिश की संभावना

जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत मौसमी तंत्र के असर से राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने लगा है। प्रदेश में 28 जुलाई को 25 जिलों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अब और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है, जो धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।

इसके प्रभाव से राजस्थान में 2 अगस्त तक मानसून सक्रिय चरण में रहने और कई जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

सोमवार को जयपुर, बीकानेर, जोधपुर, सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। कुछ स्थानों पर करीब 2 इंच तक बरसात हुई। पिछले 24 घंटे के दौरान बीकानेर के कोलायत में सर्वाधिक 54 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसके अलावा सवाई माधोपुर के बरनाला में 52 मिलीमीटर, करौली के हिंडौन में 34 मिलीमीटर, जोधपुर के शेरगढ़ में 27 मिलीमीटर, करौली के नादौती में 24 मिलीमीटर और श्रीगंगानगर के श्रीपदमपुर में 17 मिलीमीटर बारिश हुई।

झुंझुनूं के उदयपुरवाटी में 15 मिलीमीटर, सवाई माधोपुर के तलवाड़ा में 15 मिलीमीटर और नागौर में 14 मिलीमीटर बरसात हुई। वहीं जयपुर, उदयपुर, सिरोही, राजसमंद, प्रतापगढ़, कोटा, अलवर, जालौर, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, अजमेर और बाड़मेर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन सिस्टमों मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है।

इसके साथ ही राजस्थान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से पर एक चक्रवाती परिसंचरण भी विकसित हो रहा है। इन मौसमी तंत्रों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में 2 अगस्त तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

वहीं 29 जुलाई से कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के कुछ और क्षेत्रों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

सवाई माधोपुर में करीब एक सप्ताह बाद मंगलवार सुबह से मौसम ने करवट ली। सुबह करीब 6:30 बजे से शहर में रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।

वहीं जयपुर में सोमवार को परकोटा और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। चारदीवारी क्षेत्र में हुई बरसात के कारण ब्रह्मपुरी समेत कई कॉलोनियों में पानी भर गया।

अजमेर में सोमवार को तेज धूप और उमस के कारण गर्मी का असर रहा। शहर में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने से तापमान में बढ़ोतरी हुई।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments