Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)गोविंद नगर शुगर मिल पर श्रमिकों का धरना जारी:कांग्रेस ने दिया समर्थन,...

गोविंद नगर शुगर मिल पर श्रमिकों का धरना जारी:कांग्रेस ने दिया समर्थन, प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले की गोविंद नगर शुगर मिल को दोबारा शुरू कराने और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मौसमी श्रमिकों का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को भी जारी रहा। मिल गेट पर चल रहे इस आंदोलन को मजबूती देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता देवेंद्र श्रीवास्तव धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने मिल प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए श्रमिकों की मांगों का पूरा समर्थन किया। धरने को संबोधित करते हुए देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान सरकार किसान और मजदूर विरोधी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल उद्योगपतियों के फायदे के लिए काम कर रही है, जबकि मजदूरों की अनदेखी की जा रही है। श्रीवास्तव ने श्रमिकों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस इस लड़ाई में उनके साथ है और इस गंभीर मामले को विपक्ष के नेता राहुल गांधी तक पहुंचाया जाएगा, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। इस दौरान कांग्रेस के सिद्धार्थ नगर जिला अध्यक्ष काजी सुहेल और रफीक खान ने भी आंदोलन को पार्टी का पूरा समर्थन देने की बात कही। धरने पर बैठे स्थानीय श्रमिक मुकेश श्रीवास्तव, संजय सिंह, विकास ठाकुर और अमरजीत दुबे ने मिल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रबंधन लगातार मजदूर विरोधी नीतियां अपना रहा है। श्रमिकों के अनुसार, इससे पहले जब स्थाई श्रमिकों ने धरना दिया था, तो प्रबंधन ने उनकी समस्याओं को हल करने के बजाय दमनकारी रास्ता चुना था। कई स्थाई कर्मियों का तबादला दूसरी मिलों में कर दिया गया, जबकि विरोध करने वाले कई कर्मचारियों को जबरन स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति देकर घर भेज दिया गया। प्रबंधन के इसी अड़ियल रवैये के कारण अब मौसमी श्रमिकों में भारी गुस्सा है। रामतौल चौधरी, अजय कुमार सिंह, राकेश कुमार मौर्य और दिनेश कुमार सहित अन्य श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि यदि मिल प्रबंधन और प्रशासन ने जल्द ही उनकी जायज मांगें नहीं मानीं, तो यह आंदोलन और उग्र रूप लेगा। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में श्रमिक और स्थानीय लोग डटे हुए हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments