HomeHealth & Fitnessयूजीसी नियमों के विरोध में उतरें सैकड़ों लोग, ‘रोलबैक’ के लगे नारे

यूजीसी नियमों के विरोध में उतरें सैकड़ों लोग, ‘रोलबैक’ के लगे नारे

लखनऊ। रविवार को यूजीसी के नए नियमों को लेकर सवर्ण मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। ब्राह्मण और ठाकुर समुदाय से जुड़े 300 से ज्यादा लोग दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शन के लिए जुटे।

प्रदर्शनकारियों ने आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की मांग उठाते हुए यूजीसी रोलबैक’ के नारे लगाए। प्रदर्शन में शामिल लोगों के हाथों में अलग-अलग संदेश लिखी तख्तियां थीं। इनमें ‘संवैधानिक अछूत’ जैसे नारे भी शामिल रहे। उनका कहना था कि यूजीसी के नए नियमों को पूरी तरह वापस लिया जाना चाहिए और आरक्षण व्यवस्था में बदलाव कर आर्थिक आधार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। फिलहाल इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की रोक भी लगी हुई है।

वीमेन पावर लाइन चौराहे यानी 1090 चौराहे पर करीब आधे घंटे तक नारेबाजी के बाद प्रदर्शनकारी बैकुंठ धाम की तरफ बढ़ गए। अचानक बड़ी संख्या में लोगों के सड़क पर आने से रास्ते में जाम की स्थिति बन गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सवर्ण सांसदों और विधायकों की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। वे ‘मुर्दा है भाई मुर्दा है, नेता हमारा मुर्दा है’ जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े।

बैकुंठ धाम पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि सवर्ण समाज के हितों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है और इसका असर आने वाली पीढ़ियों के अवसरों पर भी पड़ेगा। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यूजीसी का नियम वापस होने और आरक्षण व्यवस्था खत्म होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

करीब ढाई बजे पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैकुंठ धाम से हिरासत में लिया और उन्हें इको गार्डन भेज दिया। प्रदर्शन का आयोजन सवर्ण मोर्चा के अध्यक्ष संदीप सिंह के आह्वान पर किया गया था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पांच थानों की पुलिस तैनात रही।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular