श्रावस्ती के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अशोक कुमार सिंह ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें अस्पताल के जनरल वार्ड में गंदगी मिली, जिस पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान, सीएमओ सबसे पहले जनरल वार्ड और लेबर रूम पहुंचे। लेबर रूम में स्टाफ नर्स रजनी शुक्ला और रिंकी श्रीवास्तव, तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बीना वर्मा अपनी ड्यूटी पर तैनात पाई गईं। इमरजेंसी वार्ड में नौ मरीज भर्ती थे, जिनका उपचार जारी था। मौके पर डॉक्टर राजेश पटेल, फार्मासिस्ट राकेश पांडेय और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जिलेदार भी मौजूद थे। हालांकि, जनरल वार्ड की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। गंदगी देखकर सीएमओ ने सीएचसी इकौना के अधीक्षक डॉ. दीपक शुक्ला को कड़े निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर और वार्डों की साफ-सफाई तत्काल दुरुस्त कराई जाए। उन्होंने परिसर में जलभराव न होने देने के भी स्पष्ट निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. सिंह ने जोर देकर कहा कि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल प्रदान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औचक निरीक्षण के बाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी टड़वा महंत में आयोजित जन चौपाल में पहुंचे। वहां उन्होंने आमजन से सीधा संवाद किया, स्वास्थ्य योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी और लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। सीएमओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जनता को बेहतर और समयबद्ध चिकित्सा सुविधाएं देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे।”
सीएमओ ने CHC इकौना का औचक निरीक्षण किया:श्रावस्ती मे गंदगी पर जताई नाराजगी, दोबारा कमी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












