सिद्धार्थनगर जनपद के कठेला समयमाता थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता फरहीम ने पुलिस अधीक्षक, सिद्धार्थनगर को शिकायत पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता फरहीम ने बताया कि उनकी शादी खालसा बगुलहवा निवासी मोहम्मद असरफ से हुई थी। शादी के समय ससुराल वालों ने 2 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की थी। उन्होंने 2 लाख रुपये नकद और 1 लाख रुपये मोबाइल के माध्यम से ट्रांसफर किए थे। इसके बावजूद, ससुराल वाले लगातार और दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर फरहीम के साथ मारपीट और झगड़ा किया जाता था। उन्होंने यह भी बताया कि शादी में उनके मायके से 11 तोला सोना और पति के घर से 23 ग्राम सोना दिया गया था, जिसे ससुराल वालों ने धोखे से ले लिया। फरहीम का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनके पति ने दूसरी शादी कर ली। जब उन्हें इस बात का पता चला तो वह 17 जून 2026 को अपने पति के घर गईं। वहां पति, उसका भाई, ससुर, दामाद, सास और ननद ने मिलकर लाठियों से उन पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गईं। पीड़िता के पास इस घटना का वीडियो भी मौजूद है। मारपीट के दौरान ससुराल वालों ने फरहीम से 1.5 तोला सोना और एक कान की बाली भी छीन ली। घटना के बाद उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को बुलाया। पुलिस उन्हें चौकी ले गई, लेकिन अभी तक उनकी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है और न ही उनका मेडिकल चेकअप कराया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं और उन्हें मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। इस मामले में कठेला समयमाता के थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सिद्धार्थनगर में विवाहिता ने पति पर लगाए गंभीर आरोप:दहेज, मारपीट और दूसरी शादी का आरोप, एसपी को दी शिकायत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












