श्रावस्ती जनपद में संभावित बाढ़ आपदा से निपटने के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में, बाढ़ आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में हुआ। प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने कहा कि जनपद में बाढ़ की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रत्येक कर्मी का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि आपदा के समय मानक प्रक्रिया के अनुसार त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्यवाही से ही जन-धन की क्षति को कम किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने सभी बाढ़ चौकी प्रभारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण सौंपे। उन्होंने निर्देश दिया कि आगामी सप्ताहों में प्रत्येक बाढ़ चौकी पर राहत चौपाल का आयोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव, सुरक्षित स्थानों, राहत व्यवस्था और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा सके। अपर जिलाधिकारी ललित कुमार ने बताया कि जनपद स्तर पर बाढ़ से निपटने की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता को और अधिक मजबूत करेगा, जिससे आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सकेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूनिसेफ के विशेषज्ञ घनश्याम मिश्र ने हीटवेव प्रबंधन की जानकारी दी, जबकि यूनिसेफ की अकांक्षा ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर प्रकाश डाला। एसडीआरएफ की टीम ने बाढ़ आपदा के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों के व्यावहारिक पहलुओं से प्रशिक्षुओं को अवगत कराया। इसके अतिरिक्त, मैक्स हॉस्पिटल की मेडिकल टीम द्वारा सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण भी दिया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जनपद प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वह बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क, सजग और तैयार है, तथा आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
श्रावस्ती में बाढ़ आपदा से निपटने की तैयारी, प्रशासन अलर्ट:सीपीआर और प्राथमिक चिकित्सा का मिला प्रशिक्षण, DM ने बताया आवश्यक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












