Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)गौरीदास पुरवा में तेंदुए ने बछड़े को बनाया शिकार:ग्रामीणों में दहशत, वन...

गौरीदास पुरवा में तेंदुए ने बछड़े को बनाया शिकार:ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी


बलरामपुर में सुहेलवा वन्यजीव अभयारण्य के बनकटवा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत मोतीपुर के मजरे गौरीदासपुरवा में शुक्रवार भोर करीब 3 बजे तेंदुए ने एक बछड़े पर हमला कर उसे मार डाला। यह घटना गांव निवासी राजेश्वर यादव के पशुशाला के बाहर हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। राजेश्वर यादव के अनुसार, तेंदुए ने गाय के साथ बंधे बछड़े का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गाय के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनकर राजेश्वर यादव मौके पर पहुंचे। टॉर्च की रोशनी में उन्होंने देखा कि तेंदुआ वहीं खड़ा था। शोर मचाने पर तेंदुआ बछड़े को छोड़कर पास की झाड़ियों में चला गया। घटना की सूचना सुबह वन विभाग को दी गई। बनकटवा रेंज से वन दरोगा जहीर खान तुरंत मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग की। उन्होंने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। राजेश्वर यादव ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। 17 मार्च की रात भी तेंदुआ उनके एक अन्य बछड़े को अपना शिकार बना चुका है। ग्रामीणों लालू और राजेश कुमार के अनुसार, पिछले दो दिनों से गांव के आसपास तेंदुए की लगातार गतिविधि देखी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब तक कई छुट्टा मवेशियों पर हमला कर चुका है। इन मवेशियों के अवशेष पास के पहाड़ी नाला धोबैनिया की झाड़ियों में मिले हैं। किसानों अजय कुमार, बच्चू यादव, विजय कुमार, शिवम, रामनरेश, उमेश और प्रदीप ने भी गांव के बाहर झाड़ियों में तेंदुए को देखने की पुष्टि की है। ग्रामीणों के मुताबिक, बीते एक माह में तेंदुआ कई अन्य घटनाओं को अंजाम दे चुका है। टेढ़ीप्रास गांव में बुंदीलाल का पालतू पिल्ला और रामचरन का कुत्ता भी तेंदुए का शिकार बन चुके हैं। इसके अलावा, तिलकराम के घर के सामने बंधी बछिया और राम कुमार की बकरी को भी तेंदुए ने मारा है। गौरीदासपुरवा, टेढ़ीप्रास, छिटनडीह, बलदानडीह, रंगबंशपुरवा, करौंदापुरवा, लछुआपुर और खैरहनिया सहित दर्जनभर गांवों में तेंदुए का खौफ बना हुआ है। ग्रामीणों का मानना है कि गांव के पश्चिम स्थित धोबैनिया-जमधरा पहाड़ी नाला किनारे एक पुराने खंडहर मंदिर के पास तेंदुआ रहता है। लगातार हो रहे हमलों के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल है। कई किसान खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ अब तक करीब आधा दर्जन बंदर और कुत्तों को भी अपना शिकार बना चुका है। इस संबंध में बनकटवा रेंजर शत्रुघ्न लाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया है और जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments