श्रावस्ती में मल्हीपुर पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने दो संदिग्ध अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से प्राचीन धातु की भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति, पीली धातु की ईंटें और सिक्के, चोरी के औजार तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह कार्रवाई सोमवार रात को हुई, जब प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर महेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सूरज कुमार गोंड अपनी टीम (हेड कांस्टेबल रामकुमार सिंह, कांस्टेबल गोविंद और मनमोहन वर्मा) के साथ कानीबोझी चौराहे पर गश्त कर रहे थे। उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि कानीबोझी से झिरझिरवा जाने वाली नहर किनारे सड़क के पास झाड़ियों में दो व्यक्ति चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत बताए गए स्थान पर पहुंची। वहां मोटरसाइकिल की रोशनी में झाड़ियों में बैठे दो व्यक्ति दिखाई दिए, जो पुलिस को देखकर छिपने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने चोरी की योजना बनाने की बात स्वीकार की। उनकी तलाशी लेने पर प्राचीन धातु की भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति, पीली धातु की चार ईंटें, चार चौकोर और तेरह गोल सिक्के बरामद हुए। इसके अतिरिक्त, दो टॉर्च, एक हथौड़ी, पेचकस, हेक्सा ब्लेड, दो लोहे की सरिया और एक मोटरसाइकिल भी मिली। अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि मूर्ति और सिक्के उन्हें नेपाल में एक अज्ञात व्यक्ति से मिले थे, जिसका नाम और पता उन्हें नहीं मालूम है। बरामदगी के आधार पर मल्हीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय भेजा जा रहा है। पुलिस विभाग ने इस कार्रवाई का प्रेस नोट मंगलवार को जारी किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है, जिससे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
श्रावस्ती में प्राचीन श्रीकृष्ण मूर्ति, सिक्के बरामद:चोरी की साजिश नाकाम, नेपाल से लाए दो आरोपी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












