लखनऊ। गुरुवार इंदिरा नगर इलाके में जगरानी अस्पताल के बगल स्थित अवध सैनिटरी शोरूम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और समय रहते आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।
इंदिरानगर फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। सूचना पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो फायर टेंडर तत्काल मौके के लिए रवाना किए गए। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि शोरूम की सीढ़ियों के नीचे लगे मीटर बोर्ड में आग लगी थी। मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते प्रवेश किया।
ताला काटने और हैमर से रास्ता बनाकर अंदर पहुंचने के बाद पंपिंग कर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल विभाग के मुताबिक आग से कोई जनहानि नहीं हुई। भवन स्वामी का नाम आदित्य हवेलिया बताया गया है। उनका पता सी-10, त्रिमूर्ति ग्राम, कल्याणपुर रिंग रोड, लखनऊ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।












