Homeदेश (National)दिल्ली में आज और कल कई जगहों पर नहीं आएगा पानी, पहले...

दिल्ली में आज और कल कई जगहों पर नहीं आएगा पानी, पहले से कर लें इंतजाम

अगर आप दिल्ली में रहते हैं तो आज और कल आपके घर में पानी की दिक्कत हो सकती है। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) की दो बड़ी पाइपलाइनों पर मरम्मत और जोड़ने का काम होने के कारण यह समस्या आएगी। दिल्ली के कई इलाकों में 6 जुलाई यानी आज और 7 जुलाई को पानी की सप्लाई प्रभावित होने की सूचना जारी की गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि वह जरूरत के अनुसार पानी को स्टोर कर लें।

जल बोर्ड के अनुसार, सोनिया विहार जल शोधन संयंत्र (WTP) से जुड़ी 1900 मिमी व्यास की साउथ दिल्ली मुख्य पाइपलाइन पर आवश्यक मरम्मत का काम किया जा रहा है। नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) के अनुसार, 6 जुलाई की शाम और 7 जुलाई की सुबह पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।

यह भी पढ़ें: 12 साल की लड़की का रेप और मॉब लिंचिंग, बरुईपुर कांड पर क्यों भिड़ी TMC और BJP?

किन इलाकों में नहीं आएगा पानी?

NDMC ने उन इलाकों के बारे में भी बताया है जिनमें आज और कल पानी की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। गोल्फ लिंक, भारती नगर, लोधी एस्टेट, खान मार्केट, पृथ्वीराज रोड, शाहजहां रोड, दिल्ली हाईकोर्ट क्षेत्र, पंडारा रोड, जोर बाग, जनपथ, किदवई नगर, राष्ट्रपति भवन एस्टेट और सफदरजंग एयरपोर्ट इलाकों में आज और कल पानी की सप्लाई प्रभावित रह सकती है।

जलभराव की समस्या को कम करने की कवायद

दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, ग्रेटर कैलाश की मुख्य पानी की पाइपलाइन को नई पाइपलाइन से जोड़ा जा रहा है। यह काम तैमूर नगर और महारानी बाग नाले के चौड़ीकरण के लिए किया जा रहा है। दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर यह काम किया जा रहा है ताकि दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या कम की जा सके। इस इलाके में जलभराव की समस्या के कारण लोग परेशान रहते हैं।

हाई कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

हाई कोर्ट ने 29 मई को इस काम को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया था। इसके तहत खिजराबाद गांव के पास नई 1500 मिमी पाइपलाइन को पुरानी लाइन से जोड़ा जा रहा है। बाद में पुरानी पाइपलाइन को हटा दिया जाएगा। इस काम के कारण ही 6 जुलाई की सुबह से 7 जुलाई की शाम तक कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रह सकती है।

इस पाइपलाइन की भी होगी मरम्मत

दिल्ली जल बोर्ड सोनिया विहार जल शोधन संयंत्र की 1900 मिलीमीटर मुख्य पाइपलाइन पर भी मरम्मत करेगा। यह काम 6 जुलाई को सुबह 10 बजे से करीब 8 घंटे तक चलेगा। इस दौरान कैलाश नगर, गांधी नगर, कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) विलेज, पटपड़गंज, ओखला, जाकिर नगर, बटला हाउस, सिद्धार्थ एन्क्लेव, भारती नगर और रवींद्र नगर समेत कई इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: स्टेशन से गायब हुआ बच्चा 16 घंटे में बरामद, डेढ़ लाख में बेचने का था प्लान

दिल्ली जल बोर्ड ने की अपील

दिल्ली जल बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी का स्टोर कर लें। बोर्ड ने बताया कि जरूरत पड़ने पर संबंधित इमरजेंसी कंट्रोल रूम से टैंकर सेवा का लाभ लिया जा सकता है। इसके लिए सेंट्रल कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 1916 और 23538495 पर संपर्क किया जा सकता है।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments