श्रावस्ती जिले के सिरसिया थाना क्षेत्र के बड़रहवा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के एक हफ्ते के भीतर पुलिस ने मृतका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। इन पर दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप है। यह मामला 26 मई का है, जब विवाहिता का शव उसके ससुराल में मिला था। मृतका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे, जिससे मामला शुरू से ही संदिग्ध लग रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई और फिर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया गया। घटना से संबंधित एक कथित वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही थी, जिसके आधार पर पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी थी। मृतका की पहचान 24 वर्षीय रुबिया बेगम के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रुबिया की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। उसका पति फरमान मुंबई में मजदूरी करता है, लेकिन घटना के समय वह घर पर ही मौजूद था और कथित वायरल वीडियो में भी पति दिखाई दे रहा था। क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान ने बताया कि सिरसिया थाने को बड़रहवा गांव में विवाहिता के साथ मारपीट कर फांसी पर लटकाने की सूचना मिली थी। मृतका के पिता मोहर्रम अली, निवासी लालपुर महरी, थाना कोतवाली भिनगा ने 26 मई को दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या किए जाने की लिखित तहरीर दी थी। प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने फरमान (पति), मासूम अली (ससुर) और फातिमा (सास) के विरुद्ध दहेज प्रतिषेध अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर तीनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
विवाहिता की हत्या के आरोप में आरोपी पति, सास-ससुर गिरफ्तार:श्रावस्ती में दहेज के लिए मारकर लटकाने का लगा था आरोप
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











