
बस्ती साउघाट की ग्राम पंचायत परसा लाल शाही में लगभग 500 मीटर लंबा खड़ंजा मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इस मार्ग पर चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह खड़ंजा मार्ग चौधरी का पुरवा और कोहर पुरवा को तेनुआ दीनबंधु महाविद्यालय से जोड़ता है। मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है। क्षतिग्रस्त मार्ग के बीच में एक छोटा पुल भी है, जिसकी स्थिति भी खराब है। पुल के दोनों ओर से चढ़ने और उतरने में राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि दैनिक यात्रियों और स्थानीय लोगों की समस्या का समाधान हो सके।










































