
लालगंज थाना परिसर में आगामी होली और ईद-उल-फित्र पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एक पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी रुधौली ने की। इस दौरान थानाध्यक्ष लालगंज संजय कुमार सहित पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस महत्वपूर्ण बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रहरी, जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, व्यापारी बंधु, संभ्रांत नागरिक और डीजे संचालक भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि होली और ईद-उल-फित्र केवल धार्मिक पर्व नहीं हैं, बल्कि ये आपसी प्रेम, सद्भाव, सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी से इन पर्वों को मिल-जुलकर, परस्पर सम्मान और भाईचारे की भावना के साथ मनाने का आह्वान किया।







































