रामभद्राचार्य ने कथा में की 'हिंदू राष्ट्र' की बात:कप्तानगंज में एससी-एसटी व्यवस्था पर भी दिए बयान

3
Advertisement

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत बढ़नी मिश्र स्थित महर्षि वशिष्ठ आश्रम में आयोजित गुरु वशिष्ठ रामायण कथा के आठवें दिन बुधवार को जगद्गुरु पद्म भूषण रामभद्राचार्य ने ‘हिंदू राष्ट्र’ और सामाजिक मुद्दों पर बयान दिए। इस दौरान प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जिनके लिए गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी अधूरी रह गई। कथा व्यास जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने अपने संबोधन में मंच से कहा कि भारत एक दिन हिंदू राष्ट्र बनेगा। उन्होंने एससी-एसटी व्यवस्था और कुछ अन्य व्यवस्थाओं का विरोध करते हुए उन्हें समाज और हिंदू धर्म को बांटने वाला बताया। उनके इन बयानों पर पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं के बीच चर्चा भी होती रही। जगद्गुरु ने श्रीराम चरित मानस को विश्वग्रंथ बताते हुए इसे राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित किए जाने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्र पर संकट आता है तो संत समाज को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए। कथा के दौरान उन्होंने गुरु वशिष्ठ, विश्वामित्र, श्रीराम विवाह और रावण के अत्याचार जैसे प्रसंगों का उल्लेख करते हुए श्रीराम को अधर्म और आतंक से मुक्ति दिलाने वाला आदर्श नायक बताया। कथा से पूर्व मुंबई के भजन गायक नीरज तिवारी ने “मुझे लागी लगन गुरु चरणनन की” भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजक राणा दिनेश प्रताप सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना सहित अन्य अतिथियों ने पादुका पूजन किया। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके आगमन को लेकर बस्ती पुलिस द्वारा मंदिर प्रांगण में ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ की तैयारी की गई थी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। हालांकि, मंत्री कार्यक्रम स्थल पर आए और कुछ समय बाद प्रस्थान कर गए, जिससे औपचारिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और पुलिस बल इंतजार करता रह गया। कथा पंडाल में हजारों श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर कथा रस का श्रवण किया। कार्यक्रम का संचालन मयंक श्रीवास्तव ने किया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बताते हुए सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा पवन कसौधन और हरैया विधायक अजय सिंह सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Advertisement