खूनी पुल: होली की खुशियां मातम में बदली, पोल से टकराकर बाइक सवार की मौत

671
Advertisement

रिपोर्ट:गजेंद्र गुप्त

महराजगंज (MNT News): रंगों का त्योहार एक परिवार के लिए ऐसा अंधेरा लेकर आएगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। जनपद के निचलौल-पुरैना मार्ग पर जमुई और भेड़िया के बीच स्थित ‘खूनी पुल’ ने एक और हंसते-खेलते घर का चिराग बुझा दिया है। निचलौल-पुरैना मुख्य मार्ग पर जमुई पंडित के पास पकड़ी रजवाहा पर बना यह पुल अब स्थानीय लोगों के लिए दहशत का पर्याय बन चुका है।मिली जानकारी के अनुसार, निचलौल निवासी भगवान दास गुप्ता अपनी होंडा बाइक (UP56 AU 6923) से चिउटहां की ओर से निचलौल लौट रहे थे। इसी दौरान पुल से सटे विद्युत पोल से उनकी बाइक की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भगवान दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सारिका सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह महज एक सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था की अनदेखी का नतीजा है।जमुई पंडित के पास स्थित इस पुल और उससे सटे विद्युत पोल के कारण आए दिन यहाँ दर्दनाक हादसे होते रहते हैं।स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार इस खतरनाक पॉइंट को लेकर शिकायत कर चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही।पुल के पास सुरक्षा घेरे (रेलिंग) और सांकेतिक बोर्ड की कमी के कारण रात के समय या तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पोल से जा टकराते हैं।


> सवाल यह है कि क्या प्रशासन अभी और मौतों का इंतजार कर रहा है? क्या एक और परिवार के उजड़ने के बाद ही इस पुल की स्थिति सुधारी जाएगी?

इस हादसे ने न सिर्फ एक व्यक्ति की जान ली है, बल्कि व्यवस्था की उस खामी को फिर से उजागर कर दिया है जिसे सुधारने की फुर्सत विभाग को नहीं है।

Advertisement