बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती में बौद्ध भिक्षु संघरत्न की पुण्यतिथि पर एक विशाल भोजन दान और चीवरदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन आनंद बोधिसमिति द्वारा नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के कटरा श्रावस्ती स्थित लंका मंदिर बुद्ध विहार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भिक्षु श्रद्धा लोक महा थेरों ने की। इस चीवरदान समारोह में देश के विभिन्न प्रदेशों और कई देशों से आए बौद्ध भिक्षुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर भिक्षु श्रद्धा लोक ने बताया कि लंका मंदिर बुद्ध विहार श्रावस्ती की स्थापना के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है। उन्होंने श्रावस्ती भूमि के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह धरती धन्य और पवित्र है, क्योंकि भगवान बुद्ध ने यहां 25 वर्ष व्यतीत किए थे। बौद्ध धर्म में इस भूमि का विशेष महत्व है। कार्यक्रम के दौरान, समस्त बौद्ध अनुयायियों ने एक स्वर में ‘बुद्धं शरणं गच्छामि, धम्मं शरणं गच्छामि, संघं शरणं गच्छामि’ का उद्घोष किया। इस अवसर पर वर्मा मंदिर के मठाधीश भिक्षु यू ओ वाथा, कोरिया मंदिर के भिक्षु दे इन, भिक्षु जल छन लामा, दीपालोक, धम्म सार, संघपाल और सांसद राम शिरोमणि वर्मा सहित कई अन्य बौद्ध भिक्षु उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश श्रावस्ती में बौद्ध भिक्षु संघरत्न की पुण्यतिथि:लंका मंदिर बुद्ध विहार में भोजन...
































