
श्रावस्ती जनपद के इकौना विकासखंड के ग्राम कंजड़वा में स्थित श्री प्रभुनाथ बाल विद्या मंदिर का मार्ग जर्जर हो गया है। इस कारण विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों को आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग छात्र-छात्राओं के लिए आवागमन का मुख्य साधन है। सड़क की खराब स्थिति के कारण कई बार बच्चों को हल्की चोटें भी लग जाती हैं। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब छात्रों को कीचड़ और जलभराव से होकर गुजरना पड़ता है। बारिश के दौरान विद्यालय के शिक्षकों को भी अपनी बाइक या स्कूटी विद्यालय से दूर खड़ी करनी पड़ती है। स्थानीय किसानों को भी खेती-किसानी के कार्यों, विशेषकर गन्ना ढुलाई के समय, इस जर्जर मार्ग से आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए मुख्य आवागमन का साधन है। विद्यालय के प्रबंधक सुरेश कुमार मिश्रा, महेश कुमार गौतम, मंगल, रामबरन और श्यामबरन सहित स्थानीय समाजसेवियों तथा किसानों ने प्रशासन से इस सड़क को जल्द से जल्द पक्की करने की मांग की है।










































