पनियरा में ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ उत्सव आयोजित: 45 निपुण बच्चों और अभिभावकों को किया गया सम्मानित – Paniyara(Maharajganj) News

9
Advertisement

पनियरा। विकास खंड पनियरा के कौवाठोर स्थित राम-जानकी मैरिज हॉल में ब्लॉक स्तरीय ‘हमारा आंगन–हमारे बच्चे’ उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख पनियरा वेद प्रकाश शुक्ला और खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय पनियरा और प्राथमिक विद्यालय पनियरा खास की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक छटा बिखेरी। कार्यक्रम में निपुण भारत मिशन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, प्री-प्राइमरी शिक्षा, बाल वाटिका और आंगनबाड़ी केंद्रों व प्राथमिक विद्यालयों में बुनियादी साक्षरता के तहत दी जा रही सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। एआरपी संजय कुमार शुक्ला, अविनाश उपाध्याय, रमेश पाण्डेय, अरविन्द कुमार पाण्डेय और राकेश कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अभिभावकों व शिक्षकों को जागरूक किया। उत्सव के दौरान प्री-प्राइमरी और कक्षा 1 के प्रत्येक न्याय पंचायत से चयनित पांच-पांच निपुण बच्चों सहित कुल 45 बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, बच्चों की शिक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि वेद प्रकाश शुक्ला ने कहा कि शासन द्वारा बेसिक और प्री-प्राइमरी शिक्षा में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की। बाल विकास परियोजना ने आंगनबाड़ी केंद्रों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और पठन सामग्री की जानकारी दी, साथ ही विभागीय समन्वय पर जोर दिया। अंत में, खंड शिक्षा अधिकारी शिवकुमार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन एआरपी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, बीआरसी स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
Advertisement