हिंदू युवा वाहिनी प्रभारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी: पूर्व जिलाध्यक्ष ने सोशल मीडिया पोस्ट पर FIR दर्ज कराई – Pharenda News

2
Advertisement

महाराजगंज में हिन्दू युवा वाहिनी के प्रदेश प्रभारी और डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में वरिष्ठ सपा नेता अमित चौबे प्रत्याशी 315 फरेंदा विधानसभा पर एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष नरसिंह पांडे ने दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, फरेन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम सेखुई निवासी अमित चौबे पुत्र निगम चौबे पर आरोप है कि वह लगातार फेसबुक पर राघवेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणियां पोस्ट कर रहे थे। उस पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। नरसिंह पांडे ने बताया कि उन्होंने 10 फरवरी 2026 को दिन में करीब 10:30 बजे फरेन्दा ओवर ब्रिज के पास अमित चौबे की फेसबुक आईडी से की गई आपत्तिजनक पोस्ट देखी थी। शिकायत में कहा गया है कि राघवेंद्र प्रताप सिंह जिस संगठन के प्रभारी हैं, वह एक सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रवादी संगठन है। ऐसी टिप्पणियों से कार्यकर्ता आक्रोशित होकर विवाद उत्पन्न कर सकते हैं, जिससे शांति व्यवस्था बनाए रखने में बाधा आ सकती है। शिकायत में अमित चौबे को आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बताया गया है, जिसके पास अपराधियों का एक संगठित गिरोह है। उस पर आम जनता को भी गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है, जिससे लोग दहशत में रहते हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष योगेंद्र राय ने बताया कि नरसिंह पांडे की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस संबंध में वरिष्ठ सपा नेता अमित चौबे ने बताया कि यह दो महीने पुराना मामला है। राघवेंद्र सिंह ने कथित तौर पर कहा था कि मुस्लिम लड़कियों की शादी हिंदुओं से करवाओ। चौबे के अनुसार, संवैधानिक पद पर बैठे पूर्व विधायक द्वारा इस तरह की अशोभनीय भाषा का प्रयोग करना सही नहीं है, जिसको लेकर उन्होंने फेसबुक पर टिप्पणी की थी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस तरह का व्यवहार किया जाएगा तो वह हमेशा आगे आने को तैयार रहेंगे।
यहां भी पढ़े:  महराजगंज में मासूम की पोखरे में डूबने से मौत: परतावल में घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा, परिवार में छाया मातम - Partawal(Maharajganj) News
Advertisement