महाराजगंज में सीनियर छात्रों को दी गई विदाई: निजी स्कूल में जूनियर विद्यार्थियों ने किया आयोजन – Dhanha Nayak(Maharajganj sadar) News

1
Advertisement

परतावल ब्लॉक के सिरसिया मालमलियां स्थित इंटीग्रल पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने कक्षा दस के छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया। इस समारोह का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक विदाई देना और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करना था। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और स्वागत गीत से हुई। कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों में समूह नृत्य, एकल नृत्य, देशभक्ति गीत, विदाई गीत, हास्य नाटिका और प्रेरणादायक भाषण शामिल थे, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष कुमार शर्मा, शिक्षक अजय कुमार, सुजीत कुमार, दुर्गेश कुमार और विद्यालय प्रबंधक इकरार अहमद सहित कई अतिथि व अभिभावक मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने बोर्ड परीक्षा और आगे की पढ़ाई के लिए शुभकामनाएं दीं, साथ ही विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। विदा हो रहे छात्र-छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिसमें उन्होंने विद्यालय में बिताए गए समय, शिक्षकों के मार्गदर्शन और मित्रों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन किया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की। समारोह के अंत में सभी छात्र-छात्राओं को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
यहां भी पढ़े:  दुबौलिया में घर में घुसकर मारपीट:चार के खिलाफ केस दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
Advertisement