बस्ती जनपद की हरैया तहसील में एक आय प्रमाण पत्र गलत तरीके से जारी होने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद तहसीलदार ने इसे निरस्त करने का आदेश दिया है। ऐनपुर ग्राम पंचायत के करमिया शिवदयाल निवासी अनिल कुमार ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ही ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक शिव मूर्ति ने अपनी पत्नी सोनी के नाम से आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, संबंधित हल्का लेखपाल द्वारा रिपोर्ट न लगाकर दूसरे हल्का के लेखपाल ने गलत तरीके से ₹46,000 वार्षिक आय दर्शाते हुए यह आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया था। अनिल कुमार ने इस मामले को मुख्यमंत्री पोर्टल पर उठाया था। हरैया के तहसीलदार अभयराज ने बताया कि शिकायत के बाद उक्त आय प्रमाण पत्र को निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया गया है। इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद ग्रामीण स्तर पर दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।





































