श्रावस्ती जनपद के हरदत्त नगर गिरंट क्षेत्र में रामदीन पुरवा से मोहनलाल पुरवा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग जर्जर हालत में है। सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है, जिससे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग दोनों गांवों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन और भी जोखिम भरा हो जाता है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों, मरीजों और बुजुर्गों को परेशानी होती है। सड़क की खराब हालत के कारण कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद, प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्राम प्रधान विजय कुमार ने ग्रामीणों को सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल आश्वासन ही रहा है। दया राम, राजेश कुमार, शोभा राम, बहोरी लाल और अमीरका प्रसाद जैसे स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और पक्के निर्माण की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि स्थानीय निवासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।
Home उत्तर प्रदेश रामदीन पुरवा-मोहनलाल पुरवा मार्ग जर्जर:ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी,लोगों ने मरम्मत मांग...






































