कृभको ने डीहा समिति को निःशुल्क फर्नीचर दिया: सहकारी सशक्तिकरण अभियान के तहत किसानों को लाभ बताए गए – Tejwapur(Bahraich) News

5
Advertisement

कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) ने शुक्रवार को साधन सहकारी समिति डीहा परिसर में “सहकारी सशक्तिकरण अभियान एवं समिति अंगीकरण कार्यक्रम” का आयोजन किया। इस अवसर पर कृभको द्वारा डीहा समिति को निःशुल्क फर्नीचर भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी बैंक बहराइच के चेयरमैन जितेंद्र त्रिपाठी थे। उन्होंने किसानों को सहकारिता से जुड़ने के तरीके, सहकारी तंत्रों में हो रहे परिवर्तनों और सहकारी समितियों से जुड़कर किसान किस प्रकार लाभ उठा सकते हैं, इसकी विस्तृत जानकारी दी। कृभको के अधिकारियों ने इस गोष्ठी में सभी किसानों को सहकारिता के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृभको के अधिकारी अखंड ज्योति मणि चतुर्वेद ने की। इस दौरान साधन सहकारी समिति डीहा की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। इस कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख भगवती प्रसाद कैराती, डीहा समिति के चेयरमैन उपेंद्र भूषण त्रिपाठी, डीहा संघ के चेयरमैन विशाल चौधरी, समिति सचिव राहुल शुक्ला, विशाल शुक्ला और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
Advertisement