डीएम के आश्वासन पर मिल मजदूरों का आंदोलन समाप्त: 15 दिन में मांगें न पूरी होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी – Chatiyan(Nichlaul) News

8
Advertisement

महराजगंज जिले के गडौरा स्थित जेएचवी शुगर मिल में वेतन भुगतान सहित दस सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा मिल मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन दूसरे दिन समाप्त हो गया। जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद मजदूर काम पर लौट आए। पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन के अध्यक्ष डॉ. नवल किशोर मिश्रा के नेतृत्व में मजदूरों ने शनिवार को कामकाज ठप कर दिया था। उन्होंने चीनी मिल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर धरना शुरू किया था। मजदूर लंबित वेतन भुगतान और अन्य मांगों को लेकर अड़े हुए थे। धरने की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन सक्रिय हो गया। शनिवार देर शाम निचलौल के एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता और क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों को धरना समाप्त करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। धरना प्रदर्शन के दूसरे दिन रविवार को मिल मजदूरों का एक प्रतिनिधिमंडल महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा से मिला। जिलाधिकारी ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया और 15 दिन के भीतर मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद मजदूरों ने धरना समाप्त कर दिया। यूनियन अध्यक्ष डॉ. नवल किशोर मिश्रा ने बताया कि मजदूरों की दस सूत्रीय मांगों पर डीएम महराजगंज से वार्ता हुई है। डीएम ने समाधान के लिए 15 दिन का समय मांगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं तो मजदूर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
यहां भी पढ़े:  श्रावस्ती में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी:सोनवा पुलिस ने सड़क किनारे से ठेले, रेहड़ी और वाहन हटाए
Advertisement