मनरेगा में बिना मजदूर लग रही हाजिरी: घुघली ब्लॉक के पोखरभिंडा में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर – Rampur Baldiha(Maharajganj sadar) News

2
Advertisement

महाराजगंज के घुघली विकास खंड की पोखरभिंडा ग्राम पंचायत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां बिना मजदूरों के काम किए ही उनकी ऑनलाइन हाजिरी लगाई जा रही है। 20 जनवरी 2026 को 44 मजदूरों की और 21 जनवरी को 25 मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई, जबकि मौके पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था। इस गंभीर मामले में कागजों और पोर्टल पर मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत में चल रहे मनरेगा कार्यस्थलों पर मजदूर दिखाई नहीं देते, फिर भी रोजाना उनकी हाजिरी लगा दी जाती है। कई ऐसे मजदूरों के नाम पर भी हाजिरी लगाई जा रही है, जो या तो काम पर नहीं आते या फिर बाहर कमाने गए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पोखर, नाली और मिट्टी कार्य जैसे मनरेगा के तहत होने वाले काम केवल कागजों में पूरे दिखाए जा रहे हैं। वास्तविक स्थल पर न तो मजदूर मौजूद होते हैं और न ही कार्य की कोई प्रगति दिखती है, लेकिन ऑनलाइन मस्टर रोल में मजदूरों की पूरी संख्या दर्शा दी जाती है। मनरेगा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण गरीबों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराना है, लेकिन पोखरभिंडा में स्थिति इसके विपरीत है। स्थानीय मजदूरों का आरोप है कि काम मांगने पर भी उन्हें रोजगार नहीं मिलता, जबकि उनके नाम पर हाजिरी और भुगतान दर्शाया जा रहा है। इस पूरे फर्जीवाड़े ने ग्राम पंचायत स्तर से लेकर ब्लॉक कार्यालय तक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कर्मियों और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से यह अनियमितता लंबे समय से चल रही है। इस संबंध में डी.सी. मनरेगा, श्री गौरवेन्द्र ने बताया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
यहां भी पढ़े:  बहराइच में तीन गौ तस्कर गिरफ्तार: पुलिस की मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, एक फरार - Bahraich News
Advertisement