बहराइच में घूर गड्ढा निर्माण कार्य में अनियमितता: ग्रामीणों ने लगाया पीले ईंट और कम मसाले के इस्तेमाल का आरोप – Vaibahi(Nanpara) News

5
Advertisement

बहराइच जिले के बेहड़ा खैरी घाट थाना क्षेत्र की ग्राम सभा वैबाही में ग्राम प्रधान द्वारा कराए जा रहे घूर गड्ढा निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगा है। स्थानीय ग्रामीणों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण में पीले ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है, जो मानक के अनुरूप नहीं हैं। मसाले के अनुपात को लेकर भी शिकायतें हैं, जिसमें 10 बोरी बालू के साथ केवल एक बोरी सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है और मौरंग का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं किया गया है। इसके अतिरिक्त, गड्ढे की गहराई भी कम बताई जा रही है। स्थानीय निवासी सूरज तिवारी, मोनू तिवारी, भानु, मुंशीलाल और संतोषी कुंवारे ने आरोप लगाया कि यह कार्य केवल कागजों पर मानक पूरा करता है, जबकि मौके पर गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मानक के विपरीत काम हो रहा है। कार्यस्थल पर मौजूद मिस्त्री और मजदूरों से जब पीले ईंटों के इस्तेमाल और मसाले के अनुपात के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें जो सामग्री मिलती है, वे उसी का उपयोग करते हैं। उन्होंने कहा, “हम मजदूरी करने आते हैं, हम कोई मालिक थोड़ी ना हैं।” इस संबंध में ग्राम प्रधान से संपर्क किया गया और उनसे मानक के विपरीत कार्य के आरोपों पर सवाल पूछे गए। प्रधान ने जवाब में कहा, “जो कार्य हो रहा है, वह आपने देख लिया है।” इतना कहकर उन्होंने फोन काट दिया।
Advertisement