इकौना ब्लॉक में जिला अभिसरण बैठक आयोजित:कृषि व ग्रामीण विकास विभागों के अधिकारियों ने लिया भाग

1
Advertisement

श्रावस्ती के इकौना ब्लॉक में 25 फरवरी 2026 को जिला अभिसरण बैठक का आयोजन किया गया। पानी संस्थान द्वारा क्रियान्वित ‘कार्बन किसान कनेक्ट परियोजना’ के तहत कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से यह बैठक ब्लॉक सभागार में हुई। इस बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने भाग लिया। उपनिदेशक कृषि श्री सुरेंद्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पानी संस्थान से हेड ऑफ अकाउंट्स श्री पुरुषोत्तम, कार्बन किसान कनेक्ट परियोजना के निर्देशक श्री अभिषेक पाठक और रेहरा महिला किसान फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री राकेश पंत भी प्रमुख रूप से मौजूद थे। मुख्य अतिथि श्री सुरेंद्र चौधरी ने मृदा स्वास्थ्य में गिरावट, बिगड़ते पर्यावरण और बढ़ते प्रदूषण पर चिंता व्यक्त की और इस पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में कृषि, उद्यान, गन्ना, जल प्रबंधन, वन विभाग और किसान उत्पादक संगठनों (FPOs) के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल उपयोग दक्षता में सुधार और नवीन कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। परियोजना में FPO की भूमिका, मृदा परीक्षण, जल संरक्षण और महिला किसान समूहों के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना था। सभी प्रतिभागियों ने किसानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की अभिसरण बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति जताई।
Advertisement