श्रावस्ती जनपद में अचानक बदले मौसम और तापमान में गिरावट के चलते शीतलहर का प्रभाव बढ़ गया है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने के बाद प्रशासन द्वारा शीतलहर से बचाव के लिए लगातार राहत कार्य किए जा रहे हैं। रेडक्रॉस सोसायटी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कंबल वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नेपाल-भारत सीमा क्षेत्र से सटे पिपरहवा गांव के लोगों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से कलेक्ट्रेट मे कंबल वितरित किए गए। वहीं जिलाधिकारी एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष अश्विनी कुमार पांडेय स्वयं उपस्थित रहे और जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल प्रदान किए। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि शीतलहर की शुरुआत से ही प्रशासन द्वारा अलाव जलाने, कंबल वितरण एवं अन्य राहत कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीते दिनों हुई बारिश के बाद ठंड में इजाफा हुआ, जिसके चलते कंबल वितरण की गति और तेज कर दी गई है।
वर्तमान में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है, जिससे कुछ राहत मिली है। फिर भी प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ शीतलहर से बचाव के सभी आवश्यक उपाय कर रहा है। उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशों के क्रम में इस वर्ष पहली बार आपदा मित्रों ने जनपद की सभी तहसीलों में गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लिया। इस दौरान आपदा मित्रों ने अपने सहायक उपकरणों का प्रदर्शन करते हुए आपदा की स्थिति में प्रशासन के साथ मिलकर समुदाय की सुरक्षा का संकल्प लिया। आपदा मित्रों की सक्रिय भागीदारी से आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि शीतलहर के दौरान सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन या आपदा मित्रों से संपर्क करें।










































