विषेशरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम धनुही में बुधवार शाम एक 6 वर्षीय बालक घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह छत पर पतंग उड़ा रहा था, तभी यह हादसा हुआ। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना में भर्ती कराया है। जानकारी के अनुसार, धनुही गांव निवासी लहरी यादव का पुत्र नंदन (6) अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। छत पर चहारदीवारी नहीं थी, जिसके कारण पतंग उड़ाते समय नंदन का संतुलन बिगड़ गया। वह पीछे की ओर गिरते हुए सीधे जमीन पर आ गिरा। इस घटना में बालक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद परिवार के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल नंदन को एक निजी वाहन से सीएचसी इकौना पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों ने बताया कि घायल बालक की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।






































