बलरामपुर में स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान शुरू:सीएमओ ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ, 2026 तक चलेगा अभियान

3
Advertisement

बलरामपुर में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत ‘स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान-2026’ का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय सभागार में अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ दिलाकर इस अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक पूरे जनपद में चलेगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, रोगियों के प्रति भेदभाव समाप्त करना और उनकी गरिमा सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर बलरामपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि कुष्ठ रोग पूरी तरह उपचार योग्य है। समय पर पहचान और इलाज से विकलांगता से बचा जा सकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि हाथ-पैरों में सुन्नपन, कमजोरी, त्वचा पर दाग या घाव जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. अनिल कुमार चौधरी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में कुष्ठ रोग की जांच और मल्टी ड्रग थेरेपी (एमडीटी) उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने जनसहयोग से कुष्ठ मुक्त समाज के निर्माण पर जोर दिया। इस कार्यक्रम में डीएमओ राजेश पाण्डेय, डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के तहत सभी उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कुष्ठ रोगियों के प्रति भेदभाव न करने और उनके सम्मान की रक्षा करने की शपथ भी दिलाई गई।
Advertisement