बस्ती शहर के शहीद सत्यवान सिंह स्टेडियम में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या खिलाड़ियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सुबह और शाम के समय जब युवा खिलाड़ी दौड़, क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं, तो कुत्तों के झुंड मैदान में घूमते नजर आते हैं। इससे खिलाड़ियों को अभ्यास करने में दिक्कत हो रही है। खिलाड़ियों अंकुर, विकास, राहुल पाल, आलोक, अभिषेक, विनय और पंकज ने बताया कि कई बार कुत्ते अचानक उनके बीच आ जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कुत्तों के भौंकने और दौड़ने से अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों का ध्यान भटकता है, जिससे उनके प्रदर्शन पर भी असर पड़ता है। विशेष रूप से छोटे बच्चों और नए खिलाड़ियों में कुत्तों के कारण डर का माहौल है। इस वजह से वे मैदान में आने से भी कतराने लगे हैं, जिससे उनकी खेल गतिविधियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय खिलाड़ियों ने इस स्थिति को एक महत्वपूर्ण खेल परिसर में गंभीर लापरवाही बताया है। उनका कहना है कि यदि इस समस्या पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी बड़ी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। खिलाड़ियों ने नगर पालिका और संबंधित विभागों से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने स्टेडियम की नियमित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी भय के अपने अभ्यास पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती न्यूज़: आज की ताज़ा खबर











