#बस्ती_न्यूज
समाजवादी पार्टी के सदर विधायक और जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर भर्तियों में आरक्षण नियमों की अनदेखी कर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सपा अब “पीडीए ऑडिट अंक-1” के माध्यम से इन कथित मामलों को जनता के बीच ले जाएगी। बस्ती में समाजवादी पार्टी (सपा) के सदर विधायक एवं जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव ने मंगलवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार पर आरक्षण में बड़े पैमाने पर घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में विभिन्न सरकारी भर्तियों में आरक्षित वर्गों के अधिकारों का हनन किया गया है और आरक्षण नियमों की अनदेखी कर नियुक्तियां की गई हैं। महेंद्र यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान सपा की ओर से तैयार की गई पुस्तक “पीडीए ऑडिट अंक-1” का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2019 की 69 हजार शिक्षक भर्ती में 7,933 पदों पर अनियमितता हुई। इसके अलावा वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती में 88 पद, बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय की भर्ती में पांच पद तथा ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती में 223 पदों पर आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने योजनाबद्ध तरीके से पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकारों को प्रभावित किया है। सपा विधायक ने कहा कि पार्टी इस पुस्तक को गांव-गांव और जन-जन तक पहुंचाएगी, ताकि लोगों को भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दों की जानकारी मिल सके। कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को समर्थन देने के सवाल पर महेंद्र यादव ने सीधे जवाब देने से बचते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी हर उस मुद्दे के खिलाफ है जो संविधान की भावना और देश की एकता-अखंडता के विपरीत हो। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी लोकतंत्र और संविधान में विश्वास रखती है तथा सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को लगातार जनता के बीच ले जाने का काम करती रही है। प्रेस वार्ता के दौरान राजेंद्र चौधरी, कविंद्र उर्फ अतुल चौधरी सहित समाजवादी पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
भाजपा सरकार पर आरक्षण घोटाले का आरोप:सदर विधायक बोले- BJP सरकार में सरकारी भर्तियों में आरक्षित वर्गों के अधिकारों का हनन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












