Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भाजपा संत रविदास की 650वीं जयंती मनाएगी:20 फरवरी 2027 तक चलेगा 'समरसता...

भाजपा संत रविदास की 650वीं जयंती मनाएगी:20 फरवरी 2027 तक चलेगा ‘समरसता संकल्प अभियान’

#बस्ती_न्यूज

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने के लिए जिले में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने की घोषणा की है। यह अभियान 29 जुलाई 2026 से शुरू होकर 20 फरवरी 2027 तक विभिन्न चरणों में संचालित होगा। अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए शनिवार को दोपहर 1 बजे भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अभिषेक कुमार ने किया। जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने संत रविदास के प्रसिद्ध दोहे “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न…” का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के तहत जिले के सभी रविदास मंदिरों और मठों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। भाजपा नेताओं के अनुसार, 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिरों की साफ-सफाई की जाएगी। इसके साथ ही संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रत्येक मंडल से रविदास मंदिरों तक भव्य कलश यात्राएं भी निकाली जाएंगी। 29 जुलाई से 14 अगस्त के बीच जिले के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक समरसता और भक्ति भाव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास ने “कर्म ही सच्ची पूजा है” और “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे संदेशों के माध्यम से समाज को समानता और सद्भाव का मार्ग दिखाया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रवि सोनकर, ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ल, योगेंद्र सिंह, राकेश श्रीवास्तव, रामायण सिंह सहित कई नेताओं ने अपने विचार रखे। बैठक में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular