HomeHealth & Fitnessपश्चिम मेदिनीपुर में भाजपा की जीत का जश्न, कुछ जगहों पर झड़प...

पश्चिम मेदिनीपुर में भाजपा की जीत का जश्न, कुछ जगहों पर झड़प और तोड़फोड़

मेदिनीपुर। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी जीत के बाद मंगलवार सुबह से देर रात तक राजनीतिक गतिविधियां और जश्न का माहौल बना रहा। विभिन्न इलाकों में नव-निर्वाचित विधायकों के स्वागत, पूजा-अर्चना, प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात और विजय उत्सव के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।

नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद विधायक रमाप्रसाद गिरी मंगलवार सुबह बेलदा इलाके के देउली शिव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की जनता के लिए आशीर्वाद मांगा। पूजा के बाद उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका आभार जताया और कहा कि यह जीत नारायणगढ़ के लोगों के भरोसे और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए काम करने का आश्वासन भी दिया।

इसी दिन केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक भद्र हेमरम ने भी अलग अंदाज में अपनी गतिविधि जारी रखी। शाम को वह दांतन थाने पहुंचे और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को धन्यवाद और बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव और बेहतर प्रशासन के लिए भाजपा पर भरोसा जताया है और पार्टी आने वाले समय में जनता की उम्मीदों को पूरा करने का प्रयास करेगी।

मंगलवार शाम और रात के समय जिले के कई इलाकों में जश्न का माहौल देखने को मिला। बेलदा कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने छात्रों और शिक्षकों को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। वहीं नारायणगढ़ जनरल डिग्री कॉलेज के सामने एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने अबीर खेलकर और नारे लगाकर जीत का उत्सव मनाया।

दिन भर चली राजनीतिक गतिविधियों के बीच नारायणगढ़ में तनाव की एक घटना भी सामने आई। आरोप है कि स्थानीय तृणमूल नेता रंजीत बोस के निजी कार्यालय में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे पैसे लिए गए थे। रात को इलाके में पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उधर मेदिनीपुर शहर में भी देर शाम तक जश्न का माहौल बना रहा। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विधायक शंकर गुच्छाइत को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जीत की खुशी साझा की।

खड़गपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशी में विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना की। कई स्थानों पर कथा-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। कार्यकर्ताओं ने मंदिरों में जाकर भगवान के समक्ष मत्था टेककर क्षेत्र की शांति और विकास की कामना की।हालांकि इस दौरान कुछ जगहों से छुटपुट घटनाओं की खबर भी सामने आई। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तृणमूल कांग्रेस के कुछ पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ और दखल देने की कोशिश की गई।

खड़गपुर की चेयरपर्सन कल्याणी घोष ने हिंदुस्थान समाचार को बताया कि देर रात वार्ड नंबर सात में एक पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार की घटना सामने आई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने यह भी कहा कि सुबह उनके वार्ड के एक अन्य पार्टी ऑफिस में भी तोड़फोड़ की गई और वहां लगे बैनर को जला दिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments