बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर गुरुवार प्रातः धामपुर क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। सुबह करीब पांच बजे खान विभाग और परिवहन विभाग की टीम ने काशीपुर और मुरादाबाद की ओर से आने वाले उपखनिज से लदे वाहनों की जांच की।
खान अधिकारी और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) ने संयुक्त रूप से वाहनों के प्रपत्रों की जांच की। जांच के दौरान अधिकांश वाहनों के दस्तावेज सही पाए गए। हालांकि एक वाहन की बॉडी निर्धारित सीमा से अधिक बढ़ी होने पर उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी को अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते खनिज विभाग, परिवहन विभाग और राज्य कर विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी।












