HomeHealth & Fitnessमुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना : बालाघाट से आज 196 श्रद्धालु आज मथुरा-वृंदावन के...

मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना : बालाघाट से आज 196 श्रद्धालु आज मथुरा-वृंदावन के लिए होंगे रवाना

बालाघाट। मध्य प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत बालाघाट जिले के 196 चयनित तीर्थयात्री आज शनिवार को विशेष ट्रेन से भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन की यात्रा पर रवाना होंगे। यह विशेष ट्रेन बालाघाट रेलवे स्टेशन से प्रातः 11:30 बजे प्रस्थान करेगी।

जिला प्रशान द्वारा जानकारी दी गई कि इस यात्रा में बालाघाट के अलावा जबलपुर एवं कटनी जिले के चयनित तीर्थयात्री भी शामिल होंगे। तीर्थयात्रा की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

चयनित यात्रियों को प्रातः 10:00 बजे तक अपने स्वयं के साधनों से बालाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचने को कहा गया है, ताकि दस्तावेजों का सत्यापन, पंजीयन तथा अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें।

विशेष ट्रेन बालाघाट से प्रस्थान कर नैनपुर, जबलपुर और कटनी होते हुए मथुरा-वृंदावन पहुंचेगी। यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे वे सुरक्षित एवं सुगम यात्रा कर सकें।

योजना के अंतर्गत श्रद्धालु मथुरा और वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा पूर्ण होने के बाद यही विशेष ट्रेन 28 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे बालाघाट रेलवे स्टेशन लौटेगी।

जिला प्रशासन ने सभी चयनित तीर्थयात्रियों से निर्धारित समय का पालन करने तथा यात्रा के दौरान आवश्यक पहचान पत्र एवं अन्य जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।

साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों एवं पात्र श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है।

इस योजना के तहत यात्रा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शासन द्वारा सुनिश्चित की जाती हैं, जिससे श्रद्धालु बिना किसी आर्थिक बोझ के आस्था एवं श्रद्धा के साथ तीर्थयात्रा का लाभ उठा सकें।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments