बहराइच के शिवपुर ब्लॉक क्षेत्र में नवरात्रि की नवमी पर आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। बघौली जंगल में स्थित मां बौरी समय मंदिर में शुक्रवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह करीब 9 बजे से हजारों भक्तों ने मंदिर पहुंचकर पूजा-पाठ, हवन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद चढ़ाया, हवन किया और माता रानी के जयकारे लगाए। कई परिवार अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराने के लिए भी यहां पहुंचे। दूर-दराज से आए भक्तों का मानना है कि मां बौरी समय सच्चे मन से की गई हर प्रार्थना को स्वीकार करती हैं और मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। इस मंदिर की ख्याति केवल आसपास के जनपदों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के पुजारी राजेंद्र प्रसाद शर्मा (राजू), आलोक कुमार शर्मा और कालिका प्रसाद शर्मा के अनुसार, मां बौरी समय सदियों पहले जंगल में पिंडी रूप में प्रकट हुई थीं। तभी से यहां निरंतर पूजा-अर्चना की जा रही है। उन्होंने बताया कि चैत्र और आश्विन नवरात्रि के अलावा प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को भी यहां मेला लगता है। हालांकि, मंदिर तक पहुंचने का रास्ता अभी भी श्रद्धालुओं के लिए एक चुनौती है। घने जंगल के बीच कच्चा और दुर्गम मार्ग होने के कारण भक्तों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, मंदिर परिसर में बिजली की व्यवस्था न होने से रात के समय ठहरना मुश्किल हो जाता है। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मंदिर तक पक्की सड़क और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि दूर-दराज से आने वाले भक्तों को राहत मिल सके।
नवमी पर बौरी समय धाम में उमड़ी भीड़:जंगल के बीच हजारों भक्तों ने किए दर्शन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











