रिपोर्ट – सुशील शर्मा (जिला ब्यूरो चीफ़ बस्ती)
रुधौली, बस्ती। नगर पंचायत रुधौली बाजार की जनहित से जुड़ी समस्याओं को लेकर भाजपा नेता एवं नगर परिषद सदस्य विजय नारायण तिवारी ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी रुधौली को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि बस्ती–बांसी मुख्य मार्ग (एनएच) से डुमरियागंज रोड स्थित अठदमा मिल रोड की नाली काफी दिनों से टूटकर धंस गई है। सड़क के बीच निकली सरिया राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि बरसात के दिनों में जलभराव से समस्या और गंभीर हो गई है। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
इसके अलावा ज्ञापन में नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 में अवैध निर्माण एवं कूड़ा डंप किए जाने की शिकायत भी उठाई गई। आरोप लगाया गया कि नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे निर्माण और कूड़ा निस्तारण से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेता विजय नारायण तिवारी ने प्रशासन से मांग की कि जनहित को देखते हुए जर्जर नाली और सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा अवैध निर्माण एवं अन्य समस्याओं पर भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।












