नेपाल के झापा, मोरंग और सुनसरी जिलों में बर्ड फ्लू के तेजी से फैलते मामलों को देखते हुए महराजगंज जनपद के नेपाल सीमा से सटे भारतीय इलाकों को अलर्ट पर रखा गया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद, सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नेपाल से मुर्गियों, अंडों और पक्षियों के दाने के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। जिले की चारों तहसीलों में रैपिड रिस्पांस टीमें तैनात की गई हैं, जो संदिग्ध मामलों पर तुरंत कार्रवाई करेंगी। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में जनपद में बर्ड फ्लू से निपटने के लिए पुख्ता तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में, नेपाल सीमा से सटे नौतनवा इलाके के कैथवलिया स्थित हाईटेक लेयर पोल्ट्री फार्म पर पशु चिकित्सालय की एक टीम ने 28 मुर्गियों के रैंडम सैंपल लिए।
पोल्ट्री फार्म के संचालक को नियमित सैनिटाइजेशन और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ उत्पादों के क्रय-विक्रय में अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और रैंडम आधार पर सैंपलिंग अभियान तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी तहसील स्तरीय पशु चिकित्सालयों में पीपीई किट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा है। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अशोक यादव ने बताया कि महराजगंज में बर्ड फ्लू का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन नेपाल में मामले मिलने के कारण सभी पोल्ट्री फार्मों को सतर्क रहने को कहा गया है।











