कौशाम्बी, 4 मई। जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब टहलने निकले एक पूर्व प्रधान पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल पूर्व प्रधान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, संदीपन घाट थाना क्षेत्र के आलमचंद्र गांव निवासी पूर्व प्रधान मनोज कुमार रोज की तरह सोमवार सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। अभी वह घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने नजदीक से गोली मारकर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल मनोज कुमार को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है।घटना के संबंध में थाना प्रभारी संदीपन घाट इंद्रदेव ने बताया कि पूर्व प्रधान को अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारी गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मामले के शीघ्र खुलासे के लिए तीन विशेष टीमों का गठन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
कौशाम्बी में पूर्व प्रधान पर जानलेवा हमला: सुबह टहलने निकले मनोज कुमार को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












