HomeHealth & Fitnessनिवेश परियोजनाओं में देरी अब बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध पूरा करें काम :...

निवेश परियोजनाओं में देरी अब बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध पूरा करें काम : योगी

  • प्रदेश में 2030 तक दस हजार ईवी चार्जिंग स्टेशन विकसित होंगे

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की निवेश और आधारभूत संरचना परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की देरी पर सख्त नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की चौथी बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश संबंधी परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के संचालन से पहले सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक यात्रियों की आवाजाही के लिए प्राथमिक चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र में 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रगति की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 जून से प्रस्तावित उड़ान संचालन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार होनी चाहिए।

बैठक में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में लगभग 15.5 लाख इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। वर्ष 2030 तक 10 हजार चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से करीब 2500 स्टेशन संचालित हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योग, निवेश और रोजगार को नई गति मिलेगी। उन्होंने आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे, जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे और झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए जून अंत तक भूमि अधिग्रहण पूरा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि फरुर्खाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए लगभग 55 प्रतिशत भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है, जबकि मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे का एलाइनमेंट स्वीकृत हो चुका है।

बैठक में मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब, मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब, सीड पार्क, टेक्सटाइल पार्क और डिफेंस कॉरिडोर परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अलीगढ़ डिफेंस नोड में आइकॉन्स हिंदुस्तान एयरोस्पेस एंड डिफेंस सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 125 करोड़ रुपये निवेश प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रगति की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट के निकट प्रस्तावित एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट हब और उन्नाव की एक्वा ब्रिज परियोजना को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments