महराजगंज जनपद के नौतनवा तहसील क्षेत्र के सोनौली कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत जगन्नाथपुर टोला पंडितपुर सिवान में बृहस्पतिवार को आग लग गई। इस घटना में दर्जनों किसानों की 10 एकड़ से अधिक गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग बिजली के तार में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली और करीब 10 एकड़ से अधिक क्षेत्र में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बावजूद अधिकारी और दमकल वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे नुकसान और बढ़ गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण स्वयं आग बुझाने में जुट गए। उन्होंने झाड़-डंडे, बाल्टी और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कई घंटों की मेहनत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। घटना के बाद प्रभावित किसानों ने नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना था कि यदि दमकल विभाग समय पर पहुंच जाता तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। घटना की सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। नायब तहसीलदार सौरभ कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लगभग 10 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलने का अनुमान है। राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित किसानों की सूची तैयार कर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने पीड़ित किसानों को हर संभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं, ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए जर्जर बिजली तारों की मरम्मत और समय पर राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
शॉर्ट सर्किट से 10 एकड़ गेहूं की फसल राख:महराजगंज में दर्जनों किसानों को नुकसान, प्रशासन ने मुआवजे का आश्वासन दिया
Recent Comments
on Hello world!











