श्रावस्ती जिले के जमुनहा विकास खंड अंतर्गत नासिरगंज कस्बे में जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है। कस्बे में स्थित पुलिस चौकी के ठीक पीछे मुख्य नाली टूट जाने के कारण गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाली टूटने की वजह से मुख्य रास्ते पर गंदा पानी जमा हो गया है, जिससे सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। कीचड़ और दुर्गंध के कारण पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं, और सड़क पर पानी भरा होने के कारण बाइक सवारों के फिसलने तथा पैदल चलने वालों के कपड़े खराब होने की घटनाएं आम हो गई हैं। जलभराव के कारण भीषण गर्मी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसे ठीक करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों पप्पू, आरिफ, छब्बन और पुत्तन ने बताया कि प्रशासनिक अनदेखी के कारण स्थिति और बिगड़ती जा रही है। उन्होंने संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत प्रशासन से टूटी नाली की तत्काल मरम्मत कराने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही नाली की मरम्मत नहीं कराई गई, तो जलभराव की समस्या विकराल रूप ले ले सकती है। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संतोष गुप्ता ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।
नासिरगंज में पुलिस चौकी के पीछे नाली टूटी:सड़क पर गंदा पानी, राहगीर परेशान; बीमारियों का खतरा
Recent Comments
on Hello world!










