घोलिया कला क्षेत्र के पावर सब-स्टेशन से सोमवार की रात पूरी तरह बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं को भीषण उमस और मच्छरों के बीच जागकर बितानी पड़ी। लगातार हो रही अघोषित कटौती से ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के निस्तारण के लिए बनाए गए ‘विद्युत सेवा ताल बघौडा’ व्हाट्सएप ग्रुप का कोई फायदा नहीं रह गया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि रातभर किए गए सैकड़ों संदेशों के बावजूद किसी अधिकारी या कर्मचारी ने जवाब देना जरूरी नहीं समझा। इतना ही नहीं, विभाग के सीयूजी नंबरों पर भी फोन रिसीव नहीं किए गए। स्थानीय निवासी आवाद खान, जावेद खान और सचिन पाठक समेत कई ग्रामीणों ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि दिन और रात में 6 से 7 बार हो रही अघोषित बिजली कटौती से व्यापार प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि यदि तकनीकी कार्यों के लिए बिजली काटना जरूरी है तो कटौती दिन में की जाए, क्योंकि रात में बिजली न रहने से बच्चों की पढ़ाई और लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। बिजली संकट का असर जलापूर्ति पर भी पड़ा। सुबह बिजली न होने से पानी की मोटरें नहीं चल सकीं, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं आगामी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए भी यह स्थिति मुश्किल बन गई है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि अब ‘तकनीकी खराबी’ का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि विभाग ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया और रात की कटौती बंद नहीं हुई, तो क्षेत्रवासी सामूहिक रूप से पावर सब-स्टेशन का घेराव करेंगे।
घोलियां कला में पूरी रात गुल रही बिजली:उमस और मच्छरों से बेहाल रहे लोग, पावर सब-स्टेशन घेराव की दिया अल्टीमेटम
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












