नई दिल्ली/बालोतरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड और राज्य सरकार के संयुक्त उद्यम से विकसित इस परियोजना पर 79,450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है।
उद्घाटन से एक दिन पहले सोमवार को रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट में अचानक आग लग गई, जिससे परिसर में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।
घटना स्थल प्रधानमंत्री की प्रस्तावित सभा स्थल से करीब 500 मीटर दूर बताया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और किसी जनहानि की सूचना नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां कारणों की जांच में जुटी हैं, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हालात की समीक्षा की।












