HomeHealth & Fitnessलखनऊ के चिनहट स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में लगी आग, कई घंटों...

लखनऊ के चिनहट स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में लगी आग, कई घंटों तक चला राहत एवं बचाव कार्य

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और कई घंटों तक आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह लगभग 6:10 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही गोमतीनगर फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर रवाना किए गए, जो लगभग 6:26 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए। आग की गंभीरता को देखते हुए शहर के अन्य फायर स्टेशनों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। मौके पर कुल 10 से अधिक फायर टेंडर, वाटर बाउजर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और अन्य अग्निशमन उपकरणों को लगाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह टहलने निकले लोगों ने कोल्ड स्टोरेज से धुआं उठता देखा, जिसके बाद पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।

कोल्ड स्टोरेज में इस समय हल्दी, मिर्च और अन्य किराना सामग्री रखी हुई थी। मिर्च और मसालों के जलने से उठ रहे तीखे धुएं के कारण दमकल कर्मियों को अंदर प्रवेश करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। धुएं की वजह से आंखों में जलन और खांसी होने लगी, जिसके चलते हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की सहायता से ऊपर से पानी डालकर आग बुझाने का कार्य किया गया।

राहत कार्य के दौरान लगातार पानी की आवश्यकता पड़ने पर दमकल की गाड़ियों को इंदिरा नहर से पानी भरकर लाया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया। इस दौरान पुलिस ने एहतियात के तौर पर कोल्ड स्टोरेज के पीछे स्थित कॉलोनी के 50 से अधिक घरों को खाली करा दिया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।

करीब 20 वर्ष पुराने इस कोल्ड स्टोरेज के मालिक राहुल गुप्ता भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। फायर विभाग और पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।अधिकारियों का कहना है कि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular