श्रावस्ती। देश में ऊर्जा संरक्षण और पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपील का असर अब जमीनी स्तर पर दिखने लगा है। इसी क्रम में श्रावस्ती के पूर्व सांसद और वर्तमान भाजपा जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए साइकिल से विभिन्न जनपद स्तरीय कार्यक्रमों में सहभागिता की। पूर्व सांसद मिश्रा आज भिनगा स्थित अपने आवास से साइकिल द्वारा जिला पंचायत कार्यालय पहुँचे। इसके बाद वह जिला पंचायत कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय और वहाँ से संयुक्त चिकित्सालय भिनगा तक आयोजित सभी कार्यक्रमों में साइकिल से शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ‘ए भारत मां तेरी माटी, तेरा आदेश पहले… दुनिया के सारे सुख पीछे, मेरा देश पहले’ जैसी भावना को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े बदलाव की ओर बढ़ना चाहिए। पारंपरिक संसाधनों के अत्यधिक उपयोग से बचकर स्वच्छ और हरित ऊर्जा को अपनाना समय की मांग है। दद्दन मिश्रा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे सार्वजनिक परिवहन, कारपूल, साइकिल और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाकर इस जनहित अभियान में सहभागी बनें। उन्होंने जोर दिया कि ऊर्जा की बचत, पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों का जिम्मेदार उपयोग ही भविष्य के भारत को सुरक्षित, स्वच्छ और आत्मनिर्भर बना सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि देशहित सर्वोपरि है और प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही ऊर्जा संरक्षण का यह अभियान सफल होगा।
पूर्व सांसद ने साइकिल से दिया ऊर्जा संरक्षण का संदेश:प्रधानमंत्री की अपील पर जनपद स्तरीय कार्यक्रमों में हुए शामिल, कहा देशहित सर्वोपरि
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












