#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के छावनी थाना क्षेत्र के चरथी काथिक गांव में रविवार को जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में लाठी-डंडे चलने से चार लोग घायल हो गए। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ में तमंचा दिखने का दावा किया जा रहा है। पुलिस इस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। यह विवाद चरथी काथिक निवासी रामआधार शर्मा और पड़ोसी गांव पहितिया निवासी अशोक शर्मा के बीच वर्ष 2002 से एक कृषि भूमि को लेकर चल रहा है। रविवार को अशोक शर्मा अपने परिवार के साथ इसी खेत की जुताई कराने पहुंचे थे। तभी दूसरे पक्ष के सर्वेश शर्मा और उनके भाइयों ने खेत जोतने से रोका। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राणा डी.पी. सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने विवादित खेत का मुआयना किया और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई। इस मारपीट में एक पक्ष से सर्वेश शर्मा (पुत्र राम आधार शर्मा) और दूसरे पक्ष से मोहित, अतुल, प्रवेश (पुत्रगण अशोक शर्मा) को चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल सर्वेश को प्राथमिक उपचार के लिए विक्रमजोत सीएचसी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक राणा डी.पी. सिंह ने बताया कि यह मारपीट जमीन के पुराने विवाद को लेकर हुई है। दोनों पक्षों के चार घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि एक युवक के हाथ में अवैध असलहा लिए वायरल हुए वीडियो की भी गहनता से जांच की जा रही है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, चार घायल:वायरल वीडियो में तमंचा दिखने का दावा, पुलिस कर रही जांच
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












