Homeदेश (National)भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, अगले 24 घंटों में इन राज्यों में...

भारी बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान, अगले 24 घंटों में इन राज्यों में दिखेगा असर

देश के कई हिस्सों में मॉनसून का असर लगातार बना हुआ है और अब मौसम को लेकर ताजा अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 23 जुलाई को भी उत्तर भारत, पश्चिमी हिमालयी राज्यों, पूर्वोत्तर, पश्चिमी भारत और मध्य भारत के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। विभाग ने गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, कोंकण-गोवा के कुछ हिस्सों के साथ हिमालयी राज्यों में भी अत्यधिक भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की आशंका जताई है। इसके साथ ही तेज आंधी लोगों की परेशानी को डबल कर सकती है। लगातार बारिश के कारण असम समेत कई जगहों पर हालात खराब हो रहे हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी आज मॉनसून का सक्रिय रूप देखने को मिल सकता है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। एनसीआर के कुछ हिस्सों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। लगातार बारिश के कारण ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ सकता है और दिल्ली मेट्रो सर्विस में कई जगहों पर रोक लगने के बाद आज लोगों की परेशानी और भी ज्यादा बढ़ सकती है।

यह भी पढ़ें: ‘सरकार चाहती है कि सोनम अनशन न तोड़ें…’, मेदांता के बाहर बोलीं पत्नी गीतांजलि

यूपी और बिहार में बारिश

उत्तर प्रदेश में पूर्वी और तराई क्षेत्र के साथ पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। बिहार में भी उत्तर और पूर्वी जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। गंडक, बागमती, कोसी और अन्य नदियों के जलस्तर पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

पहाड़ी राज्यों में अलर्ट

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले 24 घंटे चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। लगातार हो रही बारिश के कारण भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और सड़कें बंद होने की आशंका बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम को देखते हुए कई इलाकों में एहतियाती कदम उठाए गए हैं और स्कूलों को भी बंद किया गया है।

इन राज्यों में भी अलर्ट

आईएमडी के अनुसार, आज गुजरात, दक्षिण राजस्थान, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा के कई हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने, शहरी इलाकों में जलभराव और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की आशंका जताई गई है। महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में भी तेज बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसको लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और विदर्भ के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ वर्षा हो सकती है। किसानों और आम लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें: उभर रहा बांग्लादेश, तुर्की और पाकिस्तान गठबंधन, भारत की चिंता क्या?

पूर्वोत्तर भारत में तबाही

पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून का सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। असम के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। हजारों लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं, जबकि कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर कई स्थानों पर बढ़ा हुआ है। राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। अगले 24 घंटे भी राज्य के लोगों के लिए मुश्किल भरे हो सकते हैं।


RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments